बालिका इंटर कॉलेज के निर्माण में अड़ंगा
बिजनौर/ गजरौला शिव।
ग्राम गजरौला अचपल में अल्पसंख्यक बालिकाओं के लिए बनाए जा रहे इंटर कॉलेज की भूमि को लेकर विवाद हो गया। कुछ लोगों ने प्रस्तावित को भूमि अंबेडकर धर्मशाला की होने का दावा किया है। वहीं, ग्राम प्रधान ने इस भूमि पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाते डीएम को शिकायती पत्र भेजा है।
ग्राम गजरौला अचपल में शासन द्वारा अल्पसंख्यक बालिकाओं के लिए इंटर कॉलेज बनाने का प्रस्ताव है। इस बारे में शासन को गांव में भूमि की उपलब्धता का प्रस्ताव भेज दिया गया है। इस बात का पता चलने पर कुछ ग्रामवासियों ने इंटर कॉलेज बनाने का विरोध शुरू कर दिया। पूर्व प्रधान किशन सिंह का कहना है कि इस भूमि को 2008-2009 में अंबेडकर धर्मशाला के नाम से आवंटित किया गया था। जमीन पर धर्मशाला का एक कमरा और बरामदा बना है। बलवंत सिंह, महेंद्र सिंह, मदन सिंह, तेजपाल सिंह आदि का कहना है कि अंबेडकर धर्मशाला की जमीन पर इंटर कॉलेज बनाना गलत है।
उधर, ग्राम प्रधान शशांक राजपूत के अनुसार ग्राम गजरौला अचपल की खसरा नंबर 550 रकबा 0.468 एकड़ पर गुंडागर्दी के बल पर अवैध कब्जा कर लिया गया है। खसरा नंबर 612 के कुछ हिस्से पर अवैध रूप से निर्माण कर लिया गया है। बाकी हिस्से पर जुताई करके कब्जे का प्रयास हो रहा है। प्रधान के अनुसार दोनों रकबे ग्राम पंचायत के हैं। गांव में अल्पसंख्यक बालिकाओं के लिए इंटर कॉलेज बनाने के लिए जो जमीन दी गई है, वह राजस्व अभिलेखों में स्कूल के नाम दर्ज है। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी प्रवीण मिश्र के मुताबिक ग्राम पंचायत से इंटर कॉलेज बनाने का प्रस्ताव मिल गया है। प्रस्ताव डीएम के माध्यम से शासन को भेज दिया गया है। अगली कार्रवाई शासन स्तर से होनी है।