बिजनौर । अगर ईमानदारी से देशहित की बात को समझाया जाए तो जनता भी सभी तरह के अभियान में जुड़ जाती है। ग्राम पंचायत अधिकारी कपिल कुमार ने इस बात को साबित करके दिखाया । कपिल कुमार बिना सरकारी पैसा लगाए तीन गांवों को ओडीएफ घोषित करा चुके हैं। इनमे से एक गांव मुबारकपुर कला की तारीफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात में भी की थी। इसके लिए प्रशासनिक अधिकारी भी उन्हें सम्मानित कर चुके हैं।
गांवों को खुले से शौचमुक्त बनाना अधिकारियों और ग्रामीणों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता अभियान के अंतर्गत सभी गांवों को खुले से शौच मुक्त बनाने का जिम्मा अधिकारियों के अलावा ग्राम प्रधान और सचिवों को दिया गया । आज जिला ओडीएफ बनने की कगार पर है। जिले की कई ग्राम पंचायत ऐसी हैं जिन्होंने शौचालय बनवाने के लिए सरकार क ी ओर से आया धन लौटा दिया। वर्तमान में हल्दौर ब्लॉक में तैनात ग्राम पंचायत अधिकारी कपिल कुमार भी अपनी तीन ग्राम पंचायतों को बिना सरकारी धन के ओडीएफ करा चुके हैं। तीन गांवों को बिना सरकारी धन के ओडीएफ कराने वाले कपिल कुमार जिले के पहले ग्राम विकास अधिकारी हैं। गांव मुबारकपुर कला में शौचालय बनवाने के लिए 17.56 लाख, सरायजीवन के लिए 9.60 लाख और जटपुरा के लिए 8.40 लाख रुपये मिले थे। कुल 35.56 लाख रुपये मिले थे, लेकिन कपिल कुमार ने शौचालय को व्यक्तिगत जरूरत बताते हुए ग्रामीणों को समझाया और इस राशि को वापस करा दिया। प्रधानों के साथ मिलकर गांव वालों को खुद शौचालय बनाने को प्रेरित किया। कपिल कुमार का कहना है कि वे अपनी बात को जनता को बताने में कामयाब रहे और ग्राम प्रधानों ने भी साथ दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गांव मुबारकपुर कला का जिक्र मन की बात में कर गांव का ही नहीं पूरे जिले का मान बढ़ाया है।