बढ़ापुर (बिजनौर) (ब्यूरो)। बढ़ापुर वन रेंज के जंगल से सटे किसानों के गन्ना खेतों में जंगली हाथियों की आवाजाही किसानों के लिए सिरदर्द बनी है। खेत उजाड़ रहे एक हाथी ने किसान को जमीन पर पटककर उसे घायल कर दिया।
सोमवार शाम गांव रामजीवाला निवासी अशरफ को गांव के समीप स्थित उसके गन्ने के खेत में एक जंगली हाथी के होने की खबर मिली। अशरफ का खेत बढ़ापुर वन रेंज के आरक्षित वन क्षेत्र के साथ-साथ उत्तर दिशा में उत्तराखंड की पाखरौ रेंज क्षेत्र से भी सटा है। अशरफ गांव से अपने पुत्रों व कुछ ग्रामवासियों को लेकर मौके पर पहुंचा तो देखा कि हाथी ने गन्ना खेत में उत्पात मचा रखा है।
ईख में घुसे हाथी को भगाने के लिए उसने ग्रामीणों के साथ खूब शोर मचाया लेकिन हाथी के न भागने पर अशरफ खेत के बिल्कुल करीब जा पहुंचा। हाथी ने उस पर हमला कर दिया और उसे पटककर दिया। पीड़ित के परिजनों ने बताया कि हाथी के हमले से घायल अशरफ (48) के शरीर के कई भागों में फ्रैक्चर आया है। बिजनौर में उपचार चल रहा है। बढ़ापुर रेंज के वन क्षेत्राधिकारी इरफान अली ने बताया कि घटनास्थल का खेत रेंज के कपाट संख्या छह के आरक्षित जंगल से सटा है। इस क्षेत्र में पिछले कई दिनों से जंगली हाथी की आवाजाही की सूचना मिल रही है, वन विभाग की टीम रात गश्त कर रही है। वन क्षेत्राधिकारी इरफान अली ने वन रेंज के सीमावर्ती क्षेत्रों में खेती करने वाले किसानों से सतर्कता बरतने, जंगल में अकेले न जाने की सलाह दी है।
खेत में घुसने पर युवक ने की भगाने की कोशिश
विभाग ने प्रभावित वन सीमा क्षेत्र में गश्त बढ़ाई