धामपुर/स्योहारा। बुढ़नपुर ब्लाक के भाकियू कार्यकर्ताओं ने स्योहारा क्षेत्र स्थित गोशाला में 235 में से 200 पशु कम मिलने पर हंगामा किया। उधर, बीडीओ ने बताया कि पशु गायब नहीं है, उन्हें गंगा खादर में चराने भेजा गया है।
ब्लाक बुढ़नपुर के भाकियू अध्यक्ष गजेंद्र सिंह टिकैत ने मंगलवार को अधिकारियों से शिकायत की थी कि क्षेत्र में घूम रहे आवारा गोवंश को पकड़ कर गोशाला या फिर कांजी हाउस में छुड़वाने का कोई प्रयास नहीं किया जा रहा है। ऐसा न होने पर उन्होंने 31 जनवरी को गोवंश को पकड़ कर बीडीओ दफ्तर में भरने का ऐलान किया था। इस दौरान बीडीओ बुढ़नपुर ज्ञान सिंह ने बताया था कि उनके स्तर से पशुओं को पकड़ने का काम तेजी से चल रहा है। अब तक गांवों से 235 गोवंश को पकड़ कर अमीनाबाद स्थित गोशाला में छोड़ा जा चुका है। गोवंश पकड़ने का अभियान लगातार जारी है। ब्लाक अध्यक्ष ने बताया कि बीडीओ के बयान के बाद बुधवार को भाकियू कार्यकर्ता अमीनाबाद गोशाला में पशुओं की देखभाल करने पहुंचे तो वहां 235 में से केवल 35 पशु ही मिले। इससे कार्यकर्ताओं में उबाल आ गया है। उन्होंने बीडीओ और गोशाला पदाधिकारियों के खिलाफ जमकर हंगामा किया।
उधर, बीडीओ ने बताया कि 200 पशुओं को मनरेगा के तहत संविदा कर्मी रामगंगा खादर क्षेत्र में चराने ले गए है, जो शाम तक वापस आ जाते है। किसान कार्यकर्ताओं को पशुओं की सही जानकारी नहीं थी। इस बात से अवगत कराने के बाद शांत कर दिया गया। उन्होंने ग्रामीणों से विभाग का सहयोग करने की अपील की है।