किसानों के साथ राज्यसभा सांसद से मिले आप कार्यकर्ता
बिजनौर। किसानों के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ आम आदमी पार्टी कार्यकर्ता पार्टी के प्रदेश प्रभारी एवं राज्य सभा सांसद संजय सिंह से मिले और किसानों का बकाया गन्ना मूल्य भुगतान कराने, किसानों के ट्यूबवेल बिजली बिल की दरें कम कराने की मांग करते हुए ज्ञापन दिया। सांसद ने केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान से मिलकर किसानों की समस्या का शीघ्र समाधान कराने का आश्वासन दिया।
सोमवार को आम आदमी पार्टी कार्यकर्ता राज्यसभा सांसद संजय सिंह से मिले और ज्ञापन देकर बताया कि वेब इंडस्ट्रीज की बिजनौर और चांदपुर, बजाज हिंदुस्तान ग्रुप की बिलाई चीनी मिल ने अभी तक जिले के किसानों का वर्ष 2017-18 का भुगतान नहीं किया है। किसान बार-बार आंदोलन करने को मजबूर हो रहे हैं। साथ ही विद्युत निगम ने नलकूपों का विद्युत बिल बढ़ाकर किसानों पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है। इससे किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बैंकों द्वारा किसानों का ऋण वसूली के नाम पर उत्पीड़न किया जा रहा है। किसानों की मांग पर सांसद संजय सिंह ने केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान से मिलकर समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान आम आदमी पार्टी के प्रांतीय संगठन सचिव राजीव सिंह, जिलाध्यक्ष महेश चौधरी, प्रांतीय प्रवक्ता विवेक चौधरी, सह जिला सचिव राजेंद्र सिंह, मीडिया प्रभारी रणवीर सिंह, भूपेंद्र सिंह राय, आशाराम, अरविंद सिंह, कुलदीप सिंह, श्याम सिंह, सौपाल सिंह आदि शामिल रहे।