अमरोहा। दहेज के लिए विवाहिता की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी कांस्टेबिल पति समेत सास-ससुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। विवाहिता के पिता ने तीनों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दो लाख रुपये और बोलेरो नहीं मिलने पर हत्या करने का आरोप लगाया था।
नगर कोतवाली के मोहल्ला दरवारे कलां निवासी अय्यूब अहमद जोया ब्लाक क्षेत्र गंगादास जूनियर हाईस्कूल में प्रधान अध्यापक हैं। उन्होंने अपनी बड़ी बेटी अंजुम फातिमा की शादी अप्रैल 2013 को पड़ोस में रहने वाले शमीम अहमद के बेटे आदिल के साथ की थी।
आदिल यूपी पुलिस में कांस्टेबिल है। वर्तमान में उसकी तैनाती रामपुर के केमरी थाने में हैं। आरोप है कि शादी के ससुराल वाले दहेज के लिए अंजुम को प्रताड़ित करते थे। दो लाख रुपये और बोलेरो नहीं देने पर मंगलवार की रात ससुरालियों ने अंजुम की हत्या कर दी।
मौके पर पहुंचे पिता के मुताबिक ससुरालियों ने अंजुम की गला दबाकर हत्या कर दी और फांसी पर लटकाने की प्रयास कर रहे थे। इस मामले में अय्यूब अहमद ने आदिल समेत तीन के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इंस्पेक्टर नवाब सिंह ने बताया कि आरोपी आदिल, शमीम अहमद, मोबीना को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।