बिजनौर। रमजान के महीने में लाउडस्पीकर हो या अन्य कोई विवाद, उसे थाना स्तर पर चौपाल लगाकर निपटाने की कवायद शुरू हो गई है। जिले में 70 से ज्यादा विवाद चिह्नित किए गए हैं, इनमें से 40 विवाद अब तक निपटा दिए गए हैं।
हर साल रमजान व ईद पर लाउडस्पीकर बजाने के साथ-साथ रास्ते व नमाज पढ़ने को लेकर कई तरह के विवाद होते थे। प्रशासन को इन विवादों को लेकर भारी मुसीबत झेलनी पड़ती थी। कई जगह विवाद बड़ा रूप भी ले लेते थे। शासन ने रमजान शुरू होने से पहले ही विवादित मामलों को चिह्नित करने के साथ इन विवादों को थाना स्तर पर चौपाल लगाकर निपटाने के जिले के अफसरों को निर्देश दिए थे। चौपाल में दोनों पक्षों के लोगों के साथ अफसर भी मौजूद रहेंगे।
रमजान में थाना स्तर पर चौपाल लगाकर इन विवादों को निपटाने की कवायद शुरू हो गई। अब तक प्रशासन ने 40 ऐसे विवादों को सुलझा चुका है। बाकी विवादों को निपटाने की कवायद चल रही है। ज्यादातर विवाद लाउडस्पीकर बजाने को लेकर सामने आए हैं। इसके अलावा भी कई तरह के अन्य विवाद है। एसपी उमेश कुमार सिंह के मुताबिक रमजान में जो भी विवाद हैं, उन्हें चौपाल लगाकर निपटाया जा रहा है।