भागूवाला/नजीबाबाद। एक शिक्षक और विद्यार्थियों ने घायल चीतल को खूंखार कुत्तों से बचाकर उसको उपचार दिलाया। घायल चीतल को वन विभाग डिप्टी रेंजर के सुपुर्द कर दिया गया।
राजकीय इंटर कॉलेज भागूवाला के शिक्षक पंकज कुमार अपनी कार से जा रहे थे। उन्हें भागूवाला नहर रजबहे के निकट एक घायल चीतल दिखाई दिया। किसी वाहन की टक्कर से घायल चीतल को खूंखार कुत्ते अपना निशाना बना रहे थे। शिक्षक ने तत्काल अपनी कार रोकी और एक विद्यार्थी राहुल की मदद से घायल चीतल को निवाला बनाने का प्रयास कर रहे कुत्तों को भगाया। शिक्षक पंकज घायल चीतल को अपनी कार में डालकर भागूवाला के पशु चिकित्सालय उपचार के लिए पहुंचे। मदद के लिए शिवेंद्र राठी, इंतखाब सहित कई विद्यार्थी पशु चिकित्सालय पहुंच गए। शिक्षक की सूचना पर पहुंचे बिजनौर वन विभाग नजीबाबाद के डिप्टी रेंजर भरतलाल ने घायल चीतल को अपने कब्जे में ले लिया।