नगीना/बढ़ापुर । कोहरे के आगाज और सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए द्वारिकेश चीनी मिल प्रबंधन ने गन्ना ढुलाई कार्य पर लगे सभी प्रकार के वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाने का अभियान शुरू किया है।
मिल के उपाध्यक्ष बीपी दीक्षित और गन्ना विभागाध्यक्ष रमेश परशुरामपुरिया ने मिल में गन्ना आपूर्ति करने आए किसानों और वाहन चालकों को सचेत किया कि कोहरे और रात के समय संभावित सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए यह रिफ्लेक्टर कारगर साबित होते हैं। मिल के इस अभियान में सहयोग की अपेक्षा करते हुए मिल में गन्ना आपूर्ति करने आए बुग्गी, ट्रिपलर, ट्राली और ट्रक समेत सभी प्रकार के गन्ना ढुलाई कार्य पर लगे वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाये। मिल के गन्ना विभागाध्यक्ष रमेश परशुरामपुरिया ने मिल यार्ड परिसर में रिफ्लेक्टर लगाने के लिए नियुक्त मिल कर्मियों को मिल परिसर में प्रवेश करने वाले प्रत्येक वाहन पर अनिवार्य रूप से रिफ्लेक्टर लगाने के निर्देश दिए । इस अवसर पर मिल के प्रबंधक प्रशासन जीवराज सिंह शेखावत, गन्ना प्रबंधक यशपाल सिंह और अधिकारी गन्ना अमीचंद आदि उपस्थित रहे।