नौ जुलाई से श्रावण मास शुरु, 10 जुलाई को पहले सोमवार को शिवालयों में होगा जलाभिषेक
अमर उजाला ब्यूरो
अमरोहा।
भगवान महादेव की भक्ति का माह श्रावण मास नौ जुलाई से शुरु हो रहा है। 10 जुलाई को श्रावण मास का पहला सोमवार होगा। हजारों की तदात में कांवड़िये हरिद्वार और ब्रजघाट से गंगा जल लाकर महादेव का जलाभिषेक करेंगे। कांवड़ियो की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने कमर कसनी शुरु कर दी है।
जिलाधिकारी श्री नवनीत सिंह चहल की अध्यक्षता में आगामी श्रावण माह में कांवड़ यात्रा पर की जाने वाली व्यवस्थाओं के सम्बन्ध में कलक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारियों को निर्देश दिये कि वे कल तक आगामी श्रावण के पावन माह पर की गई सभी तैयारियों की रिपोर्ट प्रस्तुत करें। शरारती तत्वों पर विशेष नजर रखी जाये और कड़ाई से निपटा जाये।
जिलाधिकारी ने कहा कि थानों में पीस कमेटी की मीटिंग कर लें। सभी जलाभिषेक वाले स्थानों सीओ संयुक्त रूप से भ्रमण करें। जिस स्थान पर किसी प्रकार की समस्या है तो उस पर क्या कार्यवाही की है, उसकी रिपोर्ट कल तक प्रस्तुत करें। उन्होने कहा कि जलाभिषेक स्थल पर महिला/पुरूष की अलग-अलग वैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाये।
शिविरों और भंडारों में भोजन की जांच होगी
जिलाधिकारी ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी को निर्देश दियें हैं कि वे मार्गों पर लगने वाले भण्डारे/शिविरों पर भोजन आदि की निरंतर जांच कराते रहें। उन्होने कहा कि प्रत्येक थानें पर एक एम्बुलेंस की व्यवस्था की जाये ताकि आकस्मिक घटना होने पर तत्काल चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध करायी जा सके। मेडिकल ऑफिसर निरंतर उपजिलाधिकारियों के सम्पर्क में रहेंगे। इसके लिए चौदह 108 एम्बुलेंस 15 किमी के दायरे पर तैनात की गई है। एम्बुलेंस कार्डिनेटर दीपक सिंह (9828102108, 7235008355) पर 24 घण्टें तैनात रहेगेेें ।
कांवड़ियों की सेवा को व्यवस्थाएं रहेंगी दुरुस्त
जिलाधिकारी ने सभी नगर पालिकाओं तथा नगर पंचायतों को विशेष सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति व्यवस्था , विद्युत व्यवस्था, दवाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए कहा है। कहा कि महाशिवरात्रि के अवसर पर नियमित विद्युत हेतु अतिरिक्त बिजली की मोटर अवश्य वैकल्पिक रूप से रखी जानी चाहिए। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता जल निगम को निर्देश दिये कि वे मार्गों पर स्थापित हैंडपम्पों कों भ्रमण कर सुश्चित करें कि सभी हैंडपम्प ठीक से कार्य कर रहे हैं। ढीले और जर्जर तारों की मरम्मत किया जाये। कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाले सभी मन्दिर पर प्रकाश, पानी आदि की उचित व्यवस्था की जाये।
कांवड़ियों के मार्ग की सड़कों पर गड्ढों की हो पेचिंग
जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी को कांवड़ियों के मार्गों पर गड्ढों की पेचिंग करने आदि के निर्देश दिये हैं। हाईवे पर अवैध रूप से खुले कट्स को बन्द कर दिया जाये।
11 जोन, 17 सेक्टर, 34 सव-सेक्टर में बांटा अमरोहा
अपर पुलिस अधीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि कांवड़ स्थल को 11 जोन, 17 सेक्टर, 34 सव-सेक्टर में बांटा गया है। सभी स्थलों पर पर्याप्त सख्या में हेड कान्स्टेबल, महिला कान्स्टेबल डयूटी और उप निरीक्षकों की तैनाती की गई है।
कांवड़ियों के मार्ग पर बंद रहेंगी मीट की दुकानें
अपर जिलाधिकारी एमए अंसारी ने बताया कि कांवड़ियों के मार्ग पर सभी मीट दुकानें बंद रहेंगी। कांवड़ियां उच्चतम न्यायालय के निर्धारण डेसीबल के अनुरूप ही लाण्डस्पीकर बजायें। इस पर विशेष ध्यान दिया जाये। उन्होने कहा कि सड़क किनारे खड़े वाहन सड़क पर न खड़े करके किसी होटल मैदान में खड़ें करें ताकि कांवड़ियों का मार्ग अवरूद्ध न हो।
शिवालयों पर होगी सीसीटीवी कैमरे की नजर
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्र ने कहा कि प्रत्येक जलाभिषेक स्थल/मेला स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था रहेगी। उन्होने कहा कि भारी वाहनों का रूट डायवर्जन प्लान तैयार कर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी क्षेत्राधिकारियों अपने-अपने क्षेत्रों में बेहतर सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध करायेंगे।