जिले में बनेंगे 11000 शौचालय
बिजनौर। सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिला स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा की है। इसमें जिले का कामकाज सही मिला है। अब सीएम ने एनओएलबी के अंतर्गत शौचालय निर्माण का काम वित्तीय वर्ष में पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
स्वच्छ भारत मिशन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का महत्वाकांक्षी कार्यक्रम है। योगी आदित्यनाथ ने स्वच्छ भारत मिशन को लेकर 28 फरवरी को सूबे के मुख्य विकास अधिकारियों तथा जिला पंचायत राज अधिकारियों की बैठक लखनऊ में बुलाई थी। जिले के सीडीओ केपी सिंह तथा डीपीआरओ सतीश कुमार बैठक में शामिल हुए। बताया गया कि सीएम ने अभियान के बारे में हर जिले की बिंदुवार जानकारी ली है। समीक्षा में जिले की प्रगति संतोषजनक मिली है, अब सीएम का फोकस शौचालय विहीन ग्रामीणों के घरों में शौचालय बनाने पर है। कहा गया है कि कोई परिवार बिना शौचालय के नहीं रहना चाहिए। सभी शौचालय 31 मार्च तक बना दिए जाएं।
डीपीआरओ सतीश कुमार ने बताया कि जिला वर्ष 2017 में खुले में शौचमुक्त अर्थात ओडीएफ हो गया था। इसके बाद परिवार बढे़ हैं। प्रशासन जिले का ओडीएफ स्टेटस बनाए रखने में लगा है। इसके लिए गांवों में टीम भेजकर शौचालय विहीन परिवारों का पता लगाया गया है। जिले मे 10919 शौचालय बनने हैं। तीन हजार शौचालय बन गए हैं। बाकी शौचालय का निर्माण जल्द पूरा हो जाएगा। प्रशासन का गुणवत्तापूर्ण काम कराने पर जोर है।