रालोद ने उठाई किसानों की समस्याएं
बिजनौर। राष्ट्रीय लोकदल की बैठक में किसानों की समस्याओं का निस्तारण करने की मांग की गई। बिजली के तारों से किसानों की फसल जलने पर उसकी भरपाई के लिए मुआवजा दिलाने, किसानों का गन्ना समाप्त होने तक चीनी मिलें चलाने की मांग की गई।
सोमवार को रालोद कार्यालय पर जिलाध्यक्ष राहुल सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में वक्ताओं ने कहा कि किसानों का खेतों में गन्ना खत्म होने तक जिले की सभी चीनी मिलें चलवाई जाए। कहा कि बिजली के तारों से निकल रहीं चिंगारी से किसानों की फसलों को भारी नुकसान हो रहा है। कई किसानों की गन्ने और गेहूं की फसल जल गई है। ऐसे किसानों को उनकी फसल का मुआवजा दिलाया जाए। आवारा पशुओं से हो रहे नुकसान की भरपाई कराई जाए। अन्य वक्ताओं ने गेहूं क्रय केंद्रों पर किसानों को परेशानी न हो इसकी व्यवस्था की जाए। खेतों से निकल रही बिजली की लाइनों को ठीक कराया जाए। ताकि भविष्य में किसानों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
किसानों की मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी गई। वक्ताओं ने पार्टी को मजबूत करने के लिए पार्टी की नीतियों का प्रचार करने पर जोर दिया। बैठक में पूर्व सांसद मुंशी रामपाल, प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी हरपाल सिंह, ब्रजवीर चौधरी, प्रवीण देशवाल, अमित कुमार, शौकत अली, पूरन सिंह, पीतम सिंह, सुरेंद्र चेयरमैन, ओमवीर सिंह, विजय पाल सिंह, राम सिंह, दुर्वेश सिंह, सुरेश राणा आदि ने विचार रखे। बैठक का संचालन कुलदीप चिकारा ने किया।