कांवड़ यात्रा मार्ग पर आठ बड़ी स्क्रीन और 45 सीसीटीवी कैमरे लगेंगे
बिजनौर। जिले में कांवड़ यात्रा के दौरान शिव भक्त 452 किलोमीटर मार्ग से गुजरेंगे। कांवड़ यात्रा के लिए पूरे जिले में 45 सीसीटीवी कैमरे के साथ आठ बड़ी स्क्रीन लगाई जा रही है। कांवड़ियों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। एसपी ने शुक्रवार को जिले के पुलिस अफसरों की बैठक में कांवड़ यात्रा की जो तैयारी बची है , उसे पूरा करने के निर्देश दिए।
एसपी उमेश कुमार सिंह के मुताबिक पूरे जिले में 452 किलोमीटर मार्ग से भोले के भक्त निकलेंगे। पांच मार्ग होकर ये जाएंगे। इनमें कोई मार्ग 95 किमी, कोई 90 किलोमीटर का है। एक मार्ग 65 किमी का है। इन मार्गों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे। ऐसे इंतजाम किए जा रहे हैं कि छह मिनट के भीतर पुलिस की गाड़ी भोले के भक्तों की मदद के लिए पहुंच जाए। जिले में आठ बड़ी स्क्रीन लगाई जा रही है। स्क्रीन भागूवाला, मोटा महादेव मंदिर, नगीना, नजीबाबाद, धामपुर, स्योहारा में लगाई जाएगी। बैराज पर भी एक स्क्रीन लगेगी। इनके अलावा कांवड़ यात्रा के मार्ग पर 45 सीसीटीवी कैमरे लगेंगे। पुलिस मार्ग पर पुलिस कांवड़ सेवा केंद्र भी लगाएगी। जिले में 35 कांवड़ियों के शिविर लगेंगे। इनके पास छोटे अस्पताल भी खुलेंगे। 20 एंबुलेंस भी कांवड़ियों के लिए रास्ते में मौजूद रहेगी। जो मार्ग खराब हैं उन्हें ठीक कराया जा रहा है। पैजानियां-चांदपुर मार्ग के गड्ढे भरे जाएंगे। एसपी ने पुलिस अफसरों की पुलिस लाइन में बुलाई बैठक में कांवड़ यात्रा के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। कहा कि इस यात्रा के काम में कोई ढिलाई नहीं होने पाए।