अफजलगढ़। बिजली की अघोषित कटौती से उपभोक्ता हलाकान होने लगे हैं। बिजली की छह से आठ घंटे तक की कटौती की जा रही है। ट्रिपिंग के चलते उपभोक्ताओं को केवल 12 घंटे ही आपूर्ति मिल पाती है।
अतीक, वकील, मुज्जमिल, शाहनवाज, अजमल, नजमुल, शनि, जितेंद्र आदि का कहना है कि अफजलगढ़, मानियावाला फीडर पर बिजली की जमकर कटौती की जा रही है। जिससे उद्योग धंधे और कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं। दिनभर में एक दर्जन से ज्यादा ट्रिपिंग होती है। ऐसे में घरेलू विद्युत उपकरण फुंकने का खतरा बना रहता है। ऐसा ही हाल मानियावाला फीडर का बना हुआ है। उपभोक्ता रमेशचंद शेखावत, देवेंद्र कौशिक, जितेंद्र कुमार आदि का कहना है कि दिनभर बिजली गुल हो जाती है। ट्रिपिंग ने उपभोक्ताओं को बेहाल कर दिया है। खेती के कामकाज प्रभावित हो रहे हैं। फसलों की सिंचाई नहीं हो पा रही है। उपभोक्ताओं ने आपूर्ति में सुधार न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। उधर, जेई आरके मौर्य का कहना है कि शहर की ट्रिपिंग समस्या दूर कर दी गई है। ग्रामीण क्षेत्र में भी जल्द ही समस्या का निराकरण करा दिया जाएगा।