नजीबाबाद । एसपी रेलवे सुभाष दुबे ने नजीबाबाद रेलवे स्टेशन पहुंचकर जीआरपी चौकी का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेेशन पर होने वाले अपराध और जहर खुरानी मामलों पर अंकुश के लिए स्टेशन परिसर में काम करने वाले प्राइवेट कर्मचारियों के डोजियर (विवरण) तैयार करने तथा उनका सत्यापन कराने की बात कही।
रेलवे एसपी मुरादाबाद सुभाष दुबे ने सोमवार को दोपहर नजीबाबाद जीआरपी प्रभारी एमआर कर्दम के साथ नजीबाबाद चौकी का निरीक्षण किया। जहर खुरानों और अपराध नियंत्रण के लिए एसपी ने स्टाफ को निर्देश दिए। मीडिया से वार्ता में एसपी सुभाष दुबे ने कहा कि उन्होंने मुरादाबाद मंडल में अपराध और जहर खुरानी वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए स्टेशन पर काम करने वाले प्राइवेट कर्मचारियों का डोजियर तैयार करने, उनके पतों आदि का सत्यापन कराने की योजना तैयार की है। एसपी ने प्रथम चरण में नशा प्रवृत्ति से जुड़े क्षेत्र में घूमने वाले लोगों, सफाई कर्मियों, वेंडरों और कुलियों के डोजियर तैयार कर उनका सत्यापन कराने की जानकारी दी। एसपी ने स्टेशन पर लगे खराब कैमरों को ठीक कराने, आसपास के स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने का भी आश्वासन दिया। एसपी सुभाष दुबे ने रेलवे क्रॉसिंग से खतरनाक ढंग से क्षेत्रवासियों के आवागमन पर चिंता व्यक्त करते हुए मीडिया द्वारा उठाई गई फुट ओवर ब्रिज निर्माण की बात को उचित बताया। एसपी ने जीआरपी प्रभारी एमआर कर्दम, एसआई अनिल दीक्षित, धर्मवीर सिंह, परीक्षित शर्मा से क्षेत्र के अपराधों, लंबित विवेचनाओं के बारे में जानकारी की।