मंडावर। मंडावर में कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। घायल युवक को पुलिस ने उपचार के लिए जिला अस्पताल भर्ती कराया, जबकि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
थाना मंडावाली के गांव सफियाबाद निवासी विनित (24) पुत्र नरेंद्र करीब चार दिन पहले अपनी बहन के यहां चांदपुर गया हुआ था। वहां उसने एक शिफ्ट डिजायर गाड़ी खरीदी। विनीत ने थाना नांगलसोती के गांव हरचंदपुर निवासी अपनी भाभी के देवर शुभम (21) पुत्र नरपाल से गाड़ी के रुपये देने के लिए अपने घर से लाने के लिए कहा। शुभम अपने ही गांव के दोस्त गौरव उर्फ रीनू पुत्र सुरेश के साथ विनीत के घर के से रुपये लेकर शुक्रवार को बस से चांदपुर चला गया। तीनों शिफ्ट गाड़ी लेकर रात को ही अपने घर लौट रहे थे। मंडावर के गांव रानीपुर-रतनपुर के बीच में उनकी गाड़ी सामने से आ रहे वाहन को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में विनीत व गौरव की मौके पर ही मौत हो गई व शुभम गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शवों व घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया।
एक सप्ताह पहले ही जेल से छुटा था विनीत
मंडावर। थानाध्यक्ष मंडावर जसवीर ने बताया कि सड़क दुर्घटना में मरने वाला विनीत करीब एक सप्ताह पहले की जमानत पर जेल से बाहर आया था। वह अपने सौतेले भाई की हत्या में बिजनौर जेल में बंद था। दूसरा मृतक गौरव उर्फ रीनू ने प्राइवेट स्कूल में अपनी गाड़ी लगा रखी थी तथा घायल शुभम खेती का कार्य करता था।
----------------------------------------------
तालाब में गिरी कार, मुनीम की मौत
चांदपुर। गांव दरबाड़ा में अनियंत्रित होकर कार तालाब में गिरने से बिजनौर के शीरा व्यापारी के मुनीम की मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर घायल हो गया। पुलिस ने घायल युवक को जिला अस्पताल भर्ती कराया, जहां से परिजनों युवक को निजी अस्पताल ले गए। वहीं मुनीम के शव को जिला अस्पताल भिजवाया।
बिजनौर के शीरा व्यापारी दुष्यंत कुमार शर्मा का मुनीम कोतवाली शहर के गांव आदोपुर निवासी मदन पाल व चालक बाजार शंभा निवासी शिवांग शर्मा बुलंदशहर पेमेंट लेने गए थे। शनिवार की सुबह मदन पाल व शिवांग कार से बिजनौर वापस आ रहे थे। चांदपुर के गांव दरबाड़ा में उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर तालाब में गिर गई। गांववासियों ने बामुश्किल तालाब में घुसकर गाड़ी के शीशे तोड़कर दोनों को बाहर निकाली, लेकिन तब तक मदन पाल की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने घायल शिवांग को उपचार के लिए निजी अस्पताल भर्ती कराया व मदन पाल के शव को भी जिला अस्पताल भिजवाया। उनकी गाड़ी से करीब साढ़े पांच लाख रुपये भी ग्रामवासियों ने बरामद किया, उन्होने रुपए पुलिस के हवाले कर दिए है।
शिवांग के लिए भगवान बनकर आए ग्रामवासी
चांदपुर। गांव दरबाड़ा के ग्रामवासी चालक शिवांग शर्मा के लिए भगवान बनकर आए। जैसे ही गाड़ी अनियंत्रित होकर तालाब में गिरी तो तुरंत ग्रामवासी एकत्रित होकर तालाब में कूद गए। ग्रामवासियों ने बामुश्किल गाड़ी के शीशे तोड़कर दोनों को गाड़ी से बाहर निकाली। तब तक मनीम मदन पाल की मौत हो गई थी, लेकिन शिवांग शर्मा के लिए ग्रामवासी भगवान बनकर आए।