इज्जतघर निर्माण की देखरेख नहीं की तो रुकेगा अफसरों का वेतन
बिजनौर।
‘सात दिन स्वच्छता के संग-खुले में शौच की घंटी बजाओ’ अभियान के तहत डीएम जगतराज और सीडीओ डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने कई गांवों में जाकर इज्जतघरों के निर्माण की व्यवस्था देखी। अभियान के पहले दिन देखरेख में लगाए गए कई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे। डीएम ने मंगलवार को भी इनके नहीं पहुंचने पर वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं।
सीडीओ डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि शौचालय बनवाने में लगे पांच हजार से अधिक राज मिस्त्रियों का रजिस्ट्रेशन श्रम विभाग में कराया गया है। इनमें काफी राज मिस्त्री सोमवार को काम पर नहीं आए। सीडीओ ने बताया कि ये लोग मंगलवार को भी काम पर नहीं आए तो माना जाएगा कि ये राज मिस्त्री नहीं हैं। इन्होंने श्रम विभाग की योजनाओं का लाभ लेने के लिए विभाग में फर्जी रजिस्ट्रेशन कराया है। ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।