जोरदार बारिश के बाद धान की रोपाई शुरू
धामपुर (बिजनौर)। शुक्रवार को दिन में जमकर बारिश हुई। किसानों के सिंचाई के अभाव में खाली पड़े खेत बारिश के पानी से लबालब हो गए। किसानों ने बारिश को फसलों के लिए वरदान बताया है। इसके बाद धान की रोपाई शुरू कर दी गई है। भारी बारिश के चलते निचली बस्तियों में जलभराव की स्थिति बन गई है। लोगों ने इसके लिए नालों की तलछट साफ न कराने को जिम्मेदार बताया है।
क्षेत्र के गांव चाकरपुर के भारत भूषण शर्मा, रनजीत सिंह, बलराम सिंह पाल, महावीर सिंह, धर्मपाल सरकड़ा के डॉ. कृष्ण कुमार सिंह, टीकम सिंह फीना के राजेंद्र कुमार शर्मा, अतुल कुमार, चंद्रपाल सिंह, डॉ. सुनील कुमार का कहना है कि बारिश से गन्ने और पशु चारे की फसल को खासा लाभ होगा। उधर, अफजलगढ़ , शेरकोट, रेहड़ में अच्छी बारिश होने की खबर है।