बोर्ड परीक्षार्थियों के लिए चलाईं 100 रोडवेज बसें
बिजनौर। यूपी बोर्ड परीक्षार्थियों के लिए समय से पहुंच सकें इसके लिए बिजनौर डिपो ने बसों का समय निर्धारित कर दिया है। चालक और परिचालक बस लेकर परीक्षा शुरू होने से करीब एक घंटा पहले रूट पर निकलेंगे। बिजनौर डिपो से बृहस्पतिवार को 100 बसों का संचालन किया गया।
यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर डिपो की ओर से बसों के चक्कर नहीं बढ़ाए गए हैं। बल्कि परीक्षा के शुरू होने से पहले और परीक्षा समाप्त होने के समय को देखते हुए बसें संचालित की जाएंगी। पहली पाली की परीक्षा सुबह आठ बजे से सवा 11 बजे तक होगी। जिसके चलते बसें सुबह सात बजे से परीक्षार्थियों को लेकर रूट पर जाएंगी। साथ ही उन्हें परीक्षा केंद्र पर छोड़ेंगी। इसके बाद परीक्षा समाप्त होने के समय पहले बसें डिपो से संचालित की जाएंगी, जिससे परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र से लेते हुए चलेंगी। इसके साथ ही चालक और परिचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षार्थियों को उनके परीक्षा केंद्र पर छोड़ा जाए। एआरएम ललित त्रिवेदी ने बताया कि पूरी कोशिश की जा रही है कि बोर्ड की परीक्षा देने वाले परीक्षार्थियों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके लिए चालक और परिचालकों को परीक्षा के समय को देखते हुए बसें संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।