नहटौर। बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ग्राम नवादा चौहान स्थित क्रिएटिव फार्मिंग प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड परिसर में बुधवार को रोजगार मेले का आयोजन किया गया। जिले और आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे करीब 800 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराकर विभिन्न कंपनियों के समक्ष साक्षात्कार दिए। साक्षात्कार के बाद 100 अभ्यर्थियों का प्रारंभिक चयन किया गया, जिनकी नियुक्ति संबंधी आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
मेले में क्रिएटिव फार्मिंग प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, पनेला एग्रो प्रोडक्ट्स तथा मिल्क-राइज डेयरी फार्म्स प्राइवेट लिमिटेड सहित विभिन्न कंपनियों ने स्टॉल लगाकर अभ्यर्थियों के साक्षात्कार लिए। इस दौरान युवाओं को उपलब्ध पदों, वेतनमान, प्रशिक्षण और करियर की संभावनाओं की जानकारी भी दी गई। मुख्य अतिथि सीडीओ रणविजय सिंह ने कहा कि रोजगार मेले युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर भी देते हैं। इस अवसर पर सीएफपीसी के प्रबंध निदेशक विजेंद्र चौहान, उप कृषि निदेशक धनश्याम सिंह, जिला रोजगार कार्यालय प्रभारी पंकज चौधरी, शिशिर गौरव भटनागर, गजेंद्र सिंह, पंकज कुमार, विमल चंदोला, संजीव कुमार, रजत कुमार, शिवकुमार, प्रतिभा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।