-25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा में आयोजित होगा ट्रेड शो
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस) में बिजनौर के 10 उद्यमी अपने उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे। 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में ट्रेड शो आयोजित होगा। उद्योग विभाग ने ट्रेड शो में अपना स्टॉल लगाने के इच्छुक उद्यमियों से आवेदन मांगे हैं।
ट्रेड शो में चयनित उद्यमियों को अपने उत्पाद राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के सामने प्रदर्शित करने का मौका मिलेगा। इससे नए बाजार मिलने के साथ कारोबार के विस्तार की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। जिले की पहचान बन चुकी काष्ठकला के अलावा हर्बल उत्पाद, खाद्य प्रसंस्करण, कृषि आधारित उत्पाद और अन्य एमएसएमई उत्पाद भी प्रदर्शित किए जाएंगे। उपायुक्त उद्योग अमित कुमार ने बताया कि ट्रेड शो में प्राप्त आवेदनों के आधार पर पात्र उद्यमियों का चयन किया जाएगा। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो प्रदेश के उद्यमियों को वैश्विक बाजार से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच बन चुका है। यहां देश-विदेश के निर्यातक और खरीदार रहेंगे। ऐसे में बिजनौर के उद्यमियों के लिए ट्रेड शो में अपने उत्पादों की ब्रांडिंग, विपणन और निर्यात की संभावनाओं को बढ़ाने का अवसर मिलेगा।