ऊंज थाना क्षेत्र के मुंगरी गांव में मारपीट के दौरान गंभीर रूप से घायल विनोद कुमार (30) की बुधवार को मौत हो गई। जानकारी पर पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तनाव की स्थिति को देखते हुए गांव में पुलिस तैनात रही और तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पूछताछ में लगी रही।
रोते-बिलखते विनोद के परिजनों ने बताया कि नौ अक्तूबर को भूमि विवाद के चलते पड़ोसियों से मारपीट हुई थी। जिसमें विपक्षियों को अधिक चोट आने से नाराजगी चली आ रही थी। विनोद सुबह शौच की बात कहकर घर से निकले थे, उसी दौरान नाराज चल रहे विपक्षी पक्ष के लोगों ने विनोद को रास्ते में घेर कर मारपीट की। शोरगुल मचाने के बावजूद हमलावर विनोद को मारपीट कर भाग निकले। सूचना मिलने पर परिजन विनोद को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डीघ ले गए। जहां हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज शुरू होने पर राहत न होते देख चिकित्सकों ने ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। ट्रामा सेंटर में इलाज शुरू होने के कुछ देर बाद विनोद की मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक ऊंज पूजा कौर ने कहा कि मृतक के पिता अमरनाथ की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।