भदोही कोतवाली के पाली-सुरियावां मार्ग पर मंगलवार की देर रात सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। रात में अज्ञात वाहन ने युवक को टक्कर मार दी। वह देर रात रामलीला देखकर घर लौट रहा था। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
विज्ञापन
यह है मामला
सुरियावां कोतवाली के कुसौड़ा, सहोदरपुर मार्ग निवासी रविंद्र गौतम (32) मजदूरी कर अपना और परिवार की आजीविका चलाता था। मंगलवार की शाम वे सुरियावां में रामलीला देखने गया था। जहां से देर रात वापस घर लौट रहा था। बताया जा रहा है कि पाली-सुरियावां मार्ग पर सहोदरपुर गांव के पास किसी वाहन ने उसे टक्कर मार दी। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दी। आवश्यक कार्यवाही के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घर में उसकी पत्नी रीना देवी और मां केवला देवी के साथ बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
विज्ञापन
परिवार के इकलौते कमाने वाला था शख्स
मृतक रविंद्र परिवार में अकेला कमाने वाला था। घर में उसकी पत्नी और बुजुर्ग मां रहती थी। इसके अलावा चार बेटियां और दो बेटे भी हैं। इन सभी लोगों की जिम्मेदारी रविंद्र पर ही थी। अचानक उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पति की मौत से रीना बेसुध हो गई।