माध्यमिक शिक्षा परिषद की तरफ से संचालित हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं के परिणाम शनिवार को दोपहर बाद जारी हो गए। जिले के होनहारों ने उम्मीद से भी बेहतर प्रदर्शन किया है। इस बार हाईस्कूल में बीवी इंटर कॉलेज नई बाजार की यशी गुप्ता और इंटरमीडिएट में श्रीनारायण इंटर कॉलेज कोनिया धनतुलसी की साक्षी सिंह ने जिला टॉप किया है। हाईस्कूल में कुल 90.67 और इंटरमीडिएट में 84.18 फीसदी रिजल्ट रहा है। हाईस्कूल की परीक्षा में टॉप टेन में कुल 11 और इंटरमीडिएट के टॉप टेन सूची में कुल 13 विद्यार्थी शामिल हैं।
विधानसभा चुनाव की वजह से इस बार यूपी बोर्ड की परीक्षाएं थोड़ी देर से हुईं। उसके बाद से ही विद्यार्थियों को परीक्षा परिणाम का इंतजार था। शनिवार को अपराह्न दो बजे हाईस्कूल और शाम चार बजे इंटरमीडिएट का रिजल्ट जारी हुआ। रिजल्ट जारी होते ही विद्यार्थी मोबाइल, साइबर कैफे पर रिजल्ट देखने में जुट गए। माध्यमिक शिक्षा परिषद की तरफ से जारी परिणाम में हाईस्कूल की परीक्षा में जिले में यशी गुप्ता ने 93 फीसदी अंक पाकर टॉप किया है। वहीं इंटरमीडिएट में साक्षी सिंह ने 91 फीसदी अंकों के साथ टॉप किया है। हाईस्कूल में दूसरे स्थान पर सरस्वती शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज असईपुर के सुजीत कुमार रहे। इनको 92.83 फीसदी अंक मिले हैं। तीसरे स्थान पर 92.67 फीसदी अंक हासिल करने वाले काशी कृषक इंटर कॉलेज गोहिलांव के दीपक कुमार प्रजापति हैं। इंटर में श्री नारायण इंटर कॉलेज धनतुलसी की साक्षी सिंह ने 91 फीसदी अंकों के साथ टॉप किया है। वहीं दूसरा स्थान गौरव गर्ल्स इंटर कॉलेज बरदहां की खुशबू चौहान और स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज छनौरा के ज्ञानू को मिला है। दोनों ने 88.40 अंक हासिल किया है। केशव प्रसाद इंद्रावती देवी बालिका इंटर कॉलेज सहसेपुर की छात्रा अंकिता सिंह और पीडीडीयू माडल इंटर कॉलेज गिर्दबड़गांव के आलोक कुमार पटेल को संयुक्त रूप से तीसरा स्थान मिला है। दोनों ने 87.80 प्रतिशत अंक हासिल किया है।
उधर, यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के रिजल्ट को लेकर शनिवार को विद्यार्थियों में खासा उत्साह रहा। दोपहर एक बजे से ही विद्यार्थी मोबाइल में वेबसाइट पर नजरें टिकाए रहे। अपराह्न दो बजे जैसे ही हाईस्कूल का रिजल्ट घोषित हुआ, परिणाम देखने के लिए सभी रोल नंबर डालने लगे। जो अच्छे नंबर से उत्तीर्ण हुआ, वह खुशी से झूम उठा, जबकि जिनके नंबर उम्मीद के हिसाब से कम मिले, वह मायूस दिखे। मोबाइल में रिजल्ट देखने के बाद साइबर कैफे पर विद्यार्थी प्रिंट निकलवाने पहुंच गए। इससे साइबर कैफे में काफी भीड़ जुटी रही।