ज्ञानपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी शैलेश कुमार ने जिला वृक्षारोपण समिति, विश्व पर्यावरण दिवस और योग सप्ताह सहित नमामि गंगे के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर पांच जून को हर व्यक्ति एक पेड मां के नाम रोपित करने की अपील की।
डीएम ने कहा कि मॉनसून सत्र में 25 विभागों के सहयोग से कुल 12,59760 पौधा लगाया जाएगा। विभागवार आवंटित लक्ष्य को समय से पूरा किया जाना है। उपायुक्त मनरेगा एवं डीपीआरओ सहित सभी ईओ व बीडीओ को निर्देशित किया कि जिले में कम से कम 300 स्थलों पर मियावाकी पद्धति से वृक्षारोपण कराना सुनिश्चित करें। जिससे हरित भदोही को साकार किया जा सके। कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक के बढ़ते खतरे को लेकर लोगों को जागरूक किया जाए।
उन्होंने डीएफओ को निर्देशित किया कि वृहद व सघन वृक्षारोपण स्थलों पर पेड़ों की प्राकृतिक सुरक्षा हेतु करौंदा, नींबू ,सहजन, शतावरी, बबूल के वृक्ष लगाकर फेंसिंग की जाए। जनपद में खाली पड़े चरागाहों की भूमि पर वृक्षारोपण किया जाए।
अमृत सरोवरों, तालाबों, ग्राम पंचायत भवनों, शासकीय कार्यालयों, ब्लाकों, तहसीलों, कलेक्ट्रेट सहित अन्य क्षेत्रों में भी वृक्षारोपण किया जाए।