घोसिया नगर क्षेत्र में नहर के पास निर्माणाधीन नाला। संवाद
- फोटो : BHADOHI
ानपुर। कालीन नगरी में जल्द ही 50 करोड़ से अधिक की परियोजनाएं पूरी हो जाएंगी। इससे आम लोगों को सहूलियत मिलेगी। हालांकि बजट नहीं मिलने के कारण करीब 100 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्य शुरू नहीं हो सके। आगामी दो से तीन माह में जो परियोजनाएं पूर्ण होंगी, उसमें शिक्षा, सड़क, सेतु और पुलिस विभाग से संबंधित कार्य शामिल हैं।
जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा, लोक निर्माण विभाग, जल निगम सहित अन्य विभागों की करीब 300 करोड़ की परियोजनाओं के तहत प्रस्तावित कार्यों को पूरा कराने के लिए निर्माण चल रहे हैं। इसमें से 250 करोड़ की परियोजनाएं 60 से 95 फीसदी तक पूर्ण हो चुकी हैं। अकेले जल शक्ति मिशन के तहत तीन हजार करोड़ के कार्य होने हैं। हालांकि 50 ग्राम पंचायतों में 150 करोड़ रुपये के काम शुरू हो सके हैं। आगामी दो से तीन माह में पूर्ण होने वाली परियोजनाओं में बहुप्रतिक्षित नौ करोड़ रुपये से आईटीआई कॉलेज भवन के निर्माण के अलावा ऊंज, सुरियावां सहित छह थानों में 10 करोड़ रुपये से अधिक लागत से बैरक का निर्माण, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की तीन सड़कें शामिल हैं। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की तीन सड़कों में 2.64 करोड़ से प्रस्तावित विकास भवन से जिला मुख्यालय वाया वेदपुर-भुसौला बनकट मार्ग, छह करोड़ से बभनौटी- ममहर मार्ग और 3.25 करोड़ से कंधिया फाटक से चौरी महराजगंज मार्ग शामिल हैं। इन तीनों सड़कों का निर्माण दो से तीन माह में पूरा किया जाना है। इसी तरह 18.42 करोड़ से 10 लघु सेतु के निर्माण का कार्य भी अगस्त-सितंबर तक पूरे होने की उम्मीद है। वहीं दूसरी तरफ बजट की कमी से 51 करोड़ से 17 सहकारी समितियों के जीर्णोद्धार, 33 करोड़ से 11 राजकीय नलकूपों की स्थापना, पांच करोड़ से 250 नहरों की पुलिया, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान परिसर में सवा करोड़ से आडिटोरियम हाल, भदोही के मामदेवपुर में पांच-पांच करोड़ से बनने वाले अल्पसंख्यक जीआईसी और जीजीआईसी का निर्माण कार्य भी छह साल से बजट के अभाव में अधूरा है। जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी संतोष कुमार का कहना है कि जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा, लोक निर्माण, जल निगम सहित अन्य विभागों की करीब 300 करोड़ की परियोजनाएं चल रही हैं। जिसमें से 250 करोड़ की परियोजनाएं 60 से 95 फीसदी तक पूर्ण हो चुकी हैं। सड़क और शिक्षा से संबंधित 50 करोड़ की परियोजनाएं आगामी दो से तीन माह में पूर्ण होने से आम जन को सहूलियत मिलेगी।
------------