दुर्गागंज। सुरियावां थानाक्षेत्र के एकौनी गांव में 24 वर्षीय विवाहिता ने अबूझ हाल में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है। एसडीएम भदोही एके मिश्रा के साथ मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए पति सुजीत कुमार बिंद, देवर संतोष कुमार, ससुर तेजबहादुर बिंद और सास राजकुमारी के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया।
मेदपुर-बनकट, जौनपुर निवासी लालबहादुर बिंद ने अपनी पुत्री कंचन की शादी वर्ष 2014 में एकौनी गांव निवासी सुजीत कुमार बिंद पुत्र तेजबहादुर बिंद के साथ की थी। शादी के कुछ दिन बाद तक दोनों के बीच सामंजस्य ठीकठाक चला और कंचन ने पुत्र अंकित को जन्म दिया। तब से लेकर अब तक दहेज का उलाहना देकर ससुराल पक्ष के लोग उसे प्रताड़ित करते रहे। शनिवार की रात हत्या कर राज छुपाने के लिए शव को फंदे पर लटका दिया। सुरियावां थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह का कहना रहा कि मामला संदिग्ध है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही स्पष्ट होगा कि मौत कैसे हुई। मृतका के पिता की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है।