भदोही के कोतवाली क्षेत्र के जौनपुर बॉर्डर के पास छितौना गांव में रविवार की देर शाम डंपर की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर जुटे लोगों ने हंगामा मचाया। महिला जौनपुर के सुरेरी थाना क्षेत्र के पटौला की रहने वाली थी।
विज्ञापन
पटौला गांव निवासी रीता देवी (35) परिवार के एक लड़के के साथ रविवार को भदोही के अई सोनकर की गांव आई थी। देर शाम वह युवक के साथ बाइक पर बैठ कर वापस घर जा रही थी। वह कोतवाली के छितौना गांव के पास पहुंची ही थी कि एक डंफर से पास लेने के चक्कर में अचानक उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और वह डंपर के चक्के के नीचे आ गई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दौड़ाकर डंपर चालक को पकड़ लिया और जमकर पिटाई की। इस बीच, सूचना लगते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बॉर्डर इलाके में तमाम वाहन मिट्टी के अवैध खनन में लगे हुए हैं। एक तरफ संकरी रोड और दूसरी तरफ रात के अंधेरे में इस तरह के वाहनों का लगातार आवागमन बना रहता है। इससे खतरे की आशंका बनी रहती है। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे एएसपी डॉ. तेजबीर सिंह ने लोगों को समझाकर शांत कराया।