मोढ़। भदोही कोतवाली क्षेत्र के मोढ़ चौकी अन्तर्गत सराय क्षत्रशाह में शुक्रवार को दो बाइकों की टक्कर में एक महिला की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल उसके पति का इलाज चल रहा है। दूसरी बाइक पर सवार युवक हादसे के बाद फरार हो गया।
सुरियावां के भिखारी रामपुर निवासी शंकर बनवासी (40) अपनी पत्नी बिंदु देवी उम्र (37) के साथ रिश्तेदार के यहां गए थे। वहां से बाइक से लौट रहे थे। भदोही-दुर्गागंज मार्ग पर मोढ़ चौकी क्षेत्र के सूर्या बालिका इंटर कॉलेज सराय छत्रशाह के सामने एक तेज रफ्तार बाइक सवार से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। बाइक पर पीछे बैठी बिंदु छिटक कर दूर जा गिरी और बेहोश हो गई। शंकर भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने पति-पत्नी को सुरियावां सीएचसी पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने पत्नी को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल पति का इलाज चल रहा है। दूसरी तरफ दूसरी बाइक पर सवार युवक मौका देख फरार हो गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा रहा।