पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब (सल्ल) की यौमे पैदाइश ईद मिलादुन्नबी (बारावफात) का पर्व मंगलवार को अकीदत के साथ कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए जारी गाइड लाइन के बीच संपन्न हुआ। इस दौरान नगर से लेकर ग्रामीणांचल तक शासन-प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए लोगों ने जुलूस-ए-मुहम्मदी से दूरी बनाकर सिर्फ तिलावत और इबादत, परचम कुशाई से जश्न का आगाज किया।
चांद की तारीख शुरू होने पर पर्व की तैयारी शुरू की गई थी। इस दौरान घर, मस्जिद, मदरसा, मजार आदि की साफ-सफाई कर भव्य सजावट की गई। पूर्व संध्या पर शाही मस्जिद माधोसिंह, जंगीगंज, सूफीनगर-गोधना, कोइरौना, सुभाषनगर, बिछिया, दानूपुर, चौरी, दुर्गागंज, सुरियावां, सरोई, औराई, घोसिया, खमरिया, महाराजगंज, बाबूसराय, परानापुर, उगापुर, कठारी, ज्ञानपुर-पुरानी बाजार, पाली, दानूपुर, अभोली, मतेथू, रोटहां, मोमिनपुर, दरवांसी, लालानगर में अकीदतमंद फातिहा पढ़कर शिरनी वितरित कराया। गोपीगंज में राजमार्ग स्थित जामा मस्जिद में परचम कुशाई की रस्म अदा कर गुलाब के फूलों की वर्षा की गई। उपस्थित अकीदतमंद सरकार की आमद मरहबा, मदनी की आमद मरहबा, मक्की की आमद मरहबा, सरवर की आमद मरहबा, मरहबा या मुस्तफा के नारे बुलंद किया। परचम कुशाई के बाद सलातो सलाम का नजराना पेश कर बारगाहे इलाही में हाथ उठाकर अमन-चैन की दुआ मांगी। इसी क्रम में पूरेगुलाब, मेवड़ापुर, भगवतपुर, गिराई, गहरपुर, नईबस्ती, अली नगर, मुजाहिद नगर में पर्व की खुशी रही। परचम कुशाई के समय पेश इमाम हाफ़िज अनीसुल कादरी, मोहम्मद हसनैन, मौलाना अकमल, मौलाना दिलशाद, निजामुद्दीन, मौलाना गुलाम मोहम्मद, मौलाना गुलाम गौस, मौलाना आलम, महमूद खां, गुड्डू चौधरी, सरवर खां, लल्लू सभासद, परवेज हाशमी, निजामुद्दीन, मौलाना इरशाद, गुड्डू चौधरी, हसनैन, मोहम्मद उमर रहे। मोमिनपुर में इम्तियाज अंसारी, जहीर आलम , फरीद मंसूरी, किस्मत अली, शाहिल, जहांगीर आलम आदि ने मोहल्ले में प्यारे रसूल के आने की खुशी जाहिर की। सुरक्षा की दृष्टि से सीओ सदर एके सिंह, औराई रामलखन मिश्रा जवानों के साथ चक्रमण करते रहे।