ज्ञानपुर। अरब सागर से उठी नम हवाओं के कारण इस साल नौतपा अभी तक बेअसर दिख रहा है। बुधवार को सुबह तेज धूप जरूर खिली, लेकिन दोपहर बाद आसमान में बादल छा गए। दिन के तापमान में आधा और रात में एक डिग्री की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई।
उमस और चिपचिपी गर्मी से लोग परेशान दिखे, मौसम विभाग ने 29 मई से एक जून तक आंधी और बारिश का अनुमान जताया है। पिछले 10 दिनों से आसमान में बादलों की आवाजाही बनी है। मई का महीना बीतने वाला है।
कुछ दिनों को छोड़ दिया जाए तो तापमान 40 डिग्री के नीचे ही बना हुआ है। मंगलवार को दिन का तापमान जहां 36.5 डिग्री रहा। वहीं बुधवार को 37 डिग्री तक पहुंचा। जबकि रात का तापमान 27 से 28 तक पहुंच गया।
कृषि विज्ञान केंद्र बेजवां के मौसम विशेषज्ञ सर्वेश बरनवाल ने बताया कि परिसंचरण के कारण 29 मई से एक जून के मध्य किसी दिन अच्छी बारिश के आसार बन रहे हैं।
आसमान में बादलों की आवाजाही संग बूंदाबांदी भी होगी। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।