नगर पालिका परिषद गोपीगंज के वार्ड नंबर छह झिलिया पुल निवासियों ने कार्यदायी संस्था के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन की चेतावनी दी है। उनका कहना है कि गड्ढा नहीं भरे जाने के कारण दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। पक्के नाले पर मिट्टी की भराई नहीं होने से 10 फीट गहरे गड्ढे में गिरने की आशंका बनी रहती है।
वार्ड निवासी रामजी, नरेश, गफ्फार ने बताया कि गंदे जल की निकासी के लिए पांच वर्ष पूर्व ही एक करोड़ 40 लाख रुपये खर्च कर नाले के निर्माण की योजना को मंजूरी दी गई थी। नाला निर्माण अधर में लटक जाने पर मामला सुर्खियों में आया और कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस ने निर्माण भी पूरा कर दिया, लेकिन मिट्टी की भराई नहीं की गई। अब्दुल जब्बार, फरहाज अली, अब्दुल समद, मौलाना जाहिद आदि ने भी गड्ढा नहीं भरे जाने पर चिंता जताई। साथ ही चेतावनी दी कि तीन दिन में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वार्डवासी विरोध-प्रदर्शन के लिए विवश होंगे। अधिशासी अधिकारी अमिता सिंह ने कहा कि सीएंडडीएस से नाला हैडओवर होने पर नगर पालिका रखरखाव की जिम्मेदारी संभालेगी। अवर अभियंता सीएंडडीएस चंदन वर्मा ने बताया कि नाले का कार्य पूरा हो चुका है और मिट्टी भी भरवायी जा रही है। स्थलीय निरीक्षण कर लोगों की समस्याएं दूर की जाएंगी।