क्राइम ब्रांच और कोतवाली पुलिस ने रविवार शाम को मिर्जापुर तिराहे से टप्पेबाज संतोष सेठ को गिरफ्तार कर लिया जबकि उसका सहयोगी भाग गया। पुलिस ने उसके पास से दो हजार नकद, एक मोबाइल और एक बाइक बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि 16 अप्रैल को नीलेश तिवारी निवासी बरकी कपसेठी जनपद वाराणसी ने मुकदमा दर्ज कराया कि ज्ञानपुर रोड स्टेशन पर ट्रेन से उतरकर वह गोपीगंज नगर में एक चाय की दुकान पर रुका था। उसी दौरान उसका बैग गायब हो गया था। 15 अप्रैल को भी जलपान के दौरान एक महिला का बैग चोरी हो गया था। अपर पुलिस अधीक्षक और सीओ ज्ञानपुर के नेतृत्व में टीम बरामदगी में लगी थी। सूचना पर पुलिस ने मिर्जापुर तिराहे से संतोष सेठ उर्फ मुन्ना निवासी पुरजागिर थाना चील्ह जनपद मिर्जापुर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह अपने सहयोगी अजय सेठ के साथ राहगीरों को निशाना बनाता है। पुलिस को वांछित आरोपी अजय सेठ निवासी नई बस्ती बथुआ थाना कोतवाली कटरा जनपद मिर्जापुर की तलाश है। दोनों के खिलाफ मिजापुर और जौनपुर में कई मुकदमें दर्ज हैं।