हरिहरनाथ मंदिर पर बाबा को हल्दी लगाते श्रद्धालु। संवाद
ज्ञानपुर। चढ़ गई हल्दी, मच गया शोर, भोला बाबा के दुअरवा नाचे ला हर लोग..., चढ़ गई हल्दी बंध गए कंगना, भोले बाबा चले हैं, गौरा के अंगना ... जैसे गीतों पर शुक्रवार को जिले के प्रमुख शिवालय में महिलाओं ने मंगलगीत गाकर देवाधिदेव महादेव को हल्दी अर्पित किया। पूजन-अर्चन करके मंगलमय, सुख-समिृद्ध की कामना की। महाशिवरात्रि का पर्व 15 फरवरी को है।
हल्दी रस्म के बाद मंदिर में दर्शन-पूजन का सिलसिला देर शाम तक बना रहा। हर-हर महादेव की गुंज से उपस्थित श्रद्धालु हर्षित हो उठे। जिले के प्रमुख शिवालय बाबा हरिहरनाथ, सेमराधनाथ, गोपीगंज के बड़े शिवमंदिर, तिलेश्वर महादेव आदि शिव मंदिरों पर शुक्रवार को परंपरागत से बाबा भोलानाथ की हल्दी रस्म की गई। श्रद्धालुओं ने देवाधिदेव महादेव को हल्दी अर्पित करके जीवन मंगलमय होने की कामना की। ज्ञानपुर हरिहरनाथ मंदिर पर भगवान शिव, मां पार्वती के विवाह से पहले उत्सव जैसा माहौल रहा। मंदिर के पुजारी आशीष मिश्र ने बताया कि हल्दी रस्म की गई, शनिवार को मेंहदी रस्म किया जाएगा। 15 फरवरी को शिव बरात निकाली जाएगी। ज्ञानसरोवर को रंग बिरंगी लाइट से सजाया जाएगा। इस मौके पर नितीश मिश्र, उमेश पटेल, श्लोक मिश्र, शब्द मिश्र, निहाल माली, सत्यम शुक्ला, निकुंभ सिंह, अंतिम आदि मौजूद रही।