उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के कलेक्ट्रेट के अभिलेखागार के एक क्लर्क (सहायक) को भ्रष्टाचार की शिकायत पर विजिलेंस टीम ने उठाया। ज्ञानपुर कोतवाली में पूछताछ की जा रही है। अभिलेखागार के रिकार्ड रूम में तैनात शाहिद अली खान के खिलाफ ज्ञानपुर के मुंगरहा निवासी किसान विनीत सिंह ने भ्रष्टाचार की शिकायत की थी।
आरोप लगाया था कि राजस्व से जुड़े किसी भी कार्य के लिए रिश्वत की मांग की जाती है। उसी को संज्ञान में लेते हुए मंगलवार को विजिलेंस वाराणसी के इंस्पेक्टर अजय कुमार श्रीवास्तव, देवेंद्र सिंह, अजित राय, हरिहर चौहान और सुनीता सिंह की टीम ने अचानक अभिलेखागार के रिकार्ड रूम में छापा मारा और पांच हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली ज्ञानपुर में उससे डेढ़ घण्टे से टीम पूछताछ कर रही है।
इसके पूर्व भदोही तहसील के लेखपाल चन्द्रभान सिंह और ज्ञानपुर तहसील के लिपिक अरुण श्रीवास्तव को एंटी करप्शन टीम गिरप्तार कर जेल भेज चुकी है। महीने भर पूर्व भूमि अध्याप्ति विभाग की एक महिला कर्मचारी का रिश्वत लेते वीडियो वायरल होने पर डीएम राजेन्द्र प्रसाद ने निलंबित कर दिया था।