गोपीगंज। रेलवे प्रशासन की ओर से वाराणसी मंडल के गाजीपुर घाट खंड पर स्थित पुल-71बी के मरम्मत कार्य को लेकर ब्लॉक दिये जाने के कारण रेलवे ने कई ट्रेनों को रद्द कर उनका रूट डायवर्ट कर दिया है। इसी कड़ी में ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन से होकर भी कुछ ट्रेनें का भी मार्ग परिवर्तन और निरस्तीकरण किया गया। यह जानकारी जन संपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने दी।
उन्होंने बताया कि ज्ञानपुर रोड होकर गुजरने वाली बलिया और प्रयागराज रामबाग से 27 मई को चलने वाली बलिया-प्रयागराज रामबाग-बलिया सवारी गाड़ी निरस्त रहेगी। इसी तरह वाराणसी सिटी व छपरा से 27 मई को चलने वाली वाराणसी सिटी-छपरा-वाराणसी सिटी सवारी गाड़ी को भी निरस्त किया गया है। बताया कि सूरत से 26 मई को चलने वाली सूरत-छपरा विशेष गाड़ी परिवर्तित मार्ग औड़िहार-मऊ-बलिया के रास्ते चलेगी। इसी तरह लखनऊ जंक्शन से 26 मई को चलने वाली लखनऊ जंक्शन-छपरा एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग औड़िहार- मऊ-बलिया के रास्ते चलायी जाएगी। वहीं छपरा से 27 मई को चलने वाली छपरा-दुर्ग एक्सप्रेस मार्ग में 30 मिनट नियंत्रित कर चलायी जाएगी। इसके अलावा नई दिल्ली से 27 मई को चलने वाली नई दिल्ली-जयनगर एक्सप्रेस मार्ग में 30 मिनट नियंत्रित कर चलायी जाएगी।