औराई। ट्रक या बाइक कई माह से घर पर खड़ी हो इसके बाद भी आपको ओवरलोडिंग या हेलमेट न लगाने का नोटिस मिल जाए तो चौंकिएगा नहीं। जी हां इस समय ऑनलाइन चालान में तमाम खामियां सामने आ रही हैं। एक, दो नहीं दर्जन भर से अधिक लोग इसके शिकार हो चुके हैं। अब वह न्याय पाने के लिए थाना और एआरटीओ दफ्तर का चक्कर लगा रहे हैं।
सड़कों पर नियम विरुद्ध बाइक, ऑटो, ट्रक चलने पर यातायात, पुलिस और एआरटीओ विभाग की ओर से कार्रवाई की जाती है। पूर्व में कागज आदि देखकर चालान और पेनाल्टी की जाती थी लेकिन अब ऑनलाइन ही चालान काटा जा रहा है। वाहन के नंबर को मोबाइल से खिंचकर समन शुल्क वाहन स्वामी के पास भेज दिया जाता है। पुलिस और परिवहन विभाग की इस नई तकनीकी में भी जालसाजों ने छेद कर दिया है। हाईवे से लेकर लिंक मार्गों पर चलने वाले अधिकतर लोग दूसरे वाहनों के नंबर को अपने ऑटो, बाइक और ट्रक पर डालकर चल रहे हैं। ऐसा ही एक मामला औराई कोतवाली क्षेत्र के चकजोधी निवासी जयराम गिरी के वाहनों के साथ हुआ। उनका ट्रक ( नंबर यूपी 63, टी 7762) 18 माह से घर पर खड़ा है। उनके ट्रक नंबर का प्रयोग कुछ जालसाज लोग अपनी ऑटो और ट्रक पर लगाकर कर रहे हैं। इसका खुलासा तब हुआ जब उनके घर शमन शुल्क और ओवर ओवरलोडिंग की पेनाल्टी भरने की नोटिस पहुंचा। यह तो एक बानगी है। कई ऐसे मामले यातायात और परिवहन विभाग की परेशानी बढ़ा रहे हैं। यदि समय रहते ऐसे फर्जीवाड़े पर अंकुश नहीं लगाया गया तो आने वाले दिनों में ना जाने कितने लोग इसके शिकार हो जाएंगे।
31 अक्तूबर 2020 को जयराम गिरी के ट्रक का ऑटो में चालान दिखाकर 500 शमन शुल्क की नोटिस भेज दिया गया। 28 दिसंबर 2020 को एक ट्रक पर मिर्जापुर आरटीओ ने ओवरलोड में दिखाकर 58 हजार की पेनाल्टी नोटिस जयराम गिरी के घर भेज दिया। जयराम गिरी का कहना है कि मेरा ट्रक 18 महीने से घर पर खड़ा है। वह चला ही नहीं और मुझे चालान भेज दिया गया।
डीघ के दरवांसी गांव के अरुण सिंह की बाइक पर ओवरलोड ट्रक का नोटिस भेज दिया गया। चालान देख अरुण परेशान हो गया। अब वह पुलिस और परिवहन विभाग को प्रार्थनापत्र देकर समस्या के समाधान के लिए चक्कर लगा रहा है।
पांच हजार से अधिक चालान, दर्जन भर में गड़बड़ी
ज्ञानपुर। जिले की यातायात संग थानों की पुलिस और परिवहन विभाग ने दिसंबर में पांच हजार से अधिक वाहनों का चालान किया। इसमें बाइक, ऑटो, चार पहिया और ट्रक शामिल हैं। यातायात प्रभारी शशिकांत यादव ने कहा कि कुछ चालान में समस्याएं आई हैं। पीड़ितों के प्रार्थनापत्रों को देखा जा रहा है।
कुछ वाहनों में गड़बड़ी की शिकायत मिली है। इसकी जांच करावा कर उसे सही कराने का प्रयास किया जा रहा है। ट्रकों का चालान अब कागजों को देखकर ही किया जा रहा है। - अरुण कुमार, एआरटीओ भदोही