औराई। कोतवाली क्षेत्र में नरथुआ के सामने हुए ट्रक लूटकांड मामले का बुधवार को पुलिस ने खुलासा किया। वाहनों की लूट करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को एसओजी व कोतवाली पुलिस ने ऊगापुर के पास से गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर दो बड़े वाहन बरामद किए गए। बदमाशों से एक देशी रिवाल्वर, दो तमंचे, छह कारतूस और दो चार पहिया वाहन बरामद हुए हैं।
औराई कोतवाली में एसपी डॉ. मीनाक्षी कात्यायन ने बताया कि 11 दिसंबर को चालक राधेश्याम उर्फ कल्लू को बंधक बनाकर नर्थुआं के पास से ट्रक को लूटा गया था। वाहन मालिक जौनपुर के जगदीशपु जफराबाद निवासी चित्रसेन सिंह ने इसका मुकदमा दर्ज कराया था। मामले के खुलासे के लिए एसओजी और कोतवाली टीम गठित की गई थी। मंगलवार की देर रात चेकिंग के दौरान एक चार पहिया वाहन मिर्जापुर से आता दिखाई दिया। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो बदमाश भदोही की ओर भागने लगे। उगापुर के पास घेराबंदी कर पकड़ उनको पकड़ा गया। गिरफ्तार बदमाशों ने अपने नाम नाम मोहम्मद रईस निवासी जोगापुर, प्रतापगढ़, सुफियान निवासी असांव, सांगीपुर, प्रतापगढ़, सलमान उर्फ अब्दुल कादिर निवासी माहुली कोतवाली नगर, प्रतापगढ़ बताया। पूछताछ के आधार पर फतेहपुर मुराइटोला निवासी बृजेश भी गिरफ्तार किया गया है।
बड़े वाहनों को लूटना ही होता था टारगेट
अभियुक्त ने पूछताछ में बताया कि इनके गैंग का सरगना प्रतापगढ़ के सांगीपुर असांव निवासी शकील है। उसके आदेश पर ही ये लोग रात में चालकों को बंधक बनाकर वाहन लूट लेते थे। वे बड़े वाहनों की ही लूट करते थे। 16 चक्का वाले ट्रकों को लूटते हैं। 11 दिसंबर की रात को उन्होंने नरथुआ के पास से एक ट्रक को लूटा था। उनकी निशानदेही पर दो ट्रक व दो चार पहिया वाहन को भी बरामद किया गया।
-
अभियुक्तों पर नौ जिलों में मुकदमे
गिरफ्तार अभियुक्त नौ से अधिक जिलों में घटनाओं को अंजाम देते थे। रायबरेली, अमेठी, प्रतापगढ़, कानपुर नगर, प्रयागराज, कौशांबी, फतेहपुर, बाराबंकी व सुल्तानपुर शामिल है। अभियुक्तों के खिलाफ गैंगस्टर, चोरी, लूट, हत्या के प्रयास, जालसाजी व आयुध अधिनियम सहित गंभीर अपराधों के लगभग दो दर्जन से अधिक अभियोग हैं। टीम में एसओजी प्रभारी विनोद दुबे, कोतवाल सच्चिदानंद पांडेय, मोहम्मद साबान, इमरान खान, तुफैल अहमद, अजय यादव, राजेश यादव, नागेंद्र यादव, सुनील कनौजिया सहित अन्य रहे।