भदोही वाराणसी मार्ग पर चौरी बाजार में खराबी के कारण बीच सड़क पर खड़े ट्रक से जाम में फंसे राहगीर।
- फोटो : BHADOHI
चौरी। भदोही- वाराणसी मार्ग पर कोल्हण हनुमान मंदिर के समीप सोमवार सुबह नौ बजे एक ट्रक बीच सड़क पर खराब हो गया। इससे एक घंटे तक आवागमन ठप होने से एक किमी से अधिक लंबा जाम लग गया। जरूरी कार्यों के लिए घर से निकले लोग झेल गए। पुलिस के न पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप कर वाहनों के आवागमन को सामान्य कराया।
सोमवार को सुबह करीब नौ बजे चौरी बाजार के कोल्हड़ हनुमान मंदिर के पास वाराणसी की तरफ जा रहे ट्रक में खराबी आ गई। जिससे वह बीच सड़क पर ही खड़ा हो गया। बेतरतीब ढंग से सड़क पर खड़े ट्रकों की कतारें लगने लग गईं और देखते ही देखते खड़े वाहनों का काफिला करीब एक किमी दूर रोटहा के आगे तक पहुंच गया। इससे चौरी बाजार से रोटहा तक भीषण जाम लग गया। जिससे जाम में फंसे एंबुलेंस सहित अन्य जरूरी कार्यों के लिए निकले लोग परेशान हो गए। करीब एक घंटे तक पुलिस नहीं पहुंची तो स्थानीय लोगों ने ट्रक के आसपास फैले सामान को हटवाकर आवागमन के लिए रास्ता बनाया। जिससे वाहन आने-जाने लगे। करीब एक घंटे बाद लोगों को जाम से राहत मिल सकी। बताते चलें कि चौरी बाजार में फोरलेन चौड़ी नहीं है। एक साथ दोनों तरफ से बड़े वाहन आ जाए तो निकलना मुश्किल हो जाता है। सड़क के किनारे लगी फल, सब्जी समेत अन्य दुकानें भी जाम की समस्या को जटिल बनाती है।