लालानगर। सीओ जीआरपी वाराणसी अखिलेश राय ने सोमवार को ज्ञानपुर रोड स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मातहतों को कोरोना संक्रमण काल में सुरक्षा-संरक्षा में किसी तरह की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी। निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन जीआरपी चौकी, चौकी में तैनात जवानों की संख्या, ड्यूटी, उपस्थिति रजिस्टर, शस्त्रागार और स्वच्छता अभियान पर विशेष नजर रखी।
सोमवार को सुबह अचानक ज्ञानपुर रोड स्टेशन पहुंचे सीओ ने यात्री और माल गाड़ियों की क्रॉस चेकिंग कर रिपोर्ट अधिकारियों को प्रेषित करने में किसी तरह की लापरवाही न होने की हिदायत दी। कहा कि स्टेशन परिसर में अनावश्यक रूप से घूमने-टहलने से लेकर गंदगी फैलाने, रेल संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों को चिह्नित करने का निर्देश दिया। महिला कांस्टेबल सविता यादव से कार्यालयी कामकाज की जानकारी ली। आए दिन जहरखुरान गिरोह, अवैध ढंग से ट्रेनों में चलने वाले वेंडरों पर प्रभारी अंकुश लगाने के लिए सख्त निर्देश दिए। इसके उपरांत सीओ ने माधोसिंह चौकी का स्थलीय दौरा किया।