भदोही। एक सप्ताह पूर्व शुक्रवार को चौरी रोड पर लगा ट्रांसफार्मर धू-धू कर जल उठा था। शुक्रवार को उसी के पास एमए समद इंटर कालेज के सामने लगा ट्रांसफार्मर भी जल गया। ट्रांसफार्मरों से आग की भीषण लपटें देखकर लोग सहम गए। आग पर काबू पाने का भरसक प्रयास करने के बाद भी ट्रासफार्मर जल गया।
लोगों ने बताया कि एमए समद रोड काफी भीड़ वाला इलाका है। विद्यालय के ठीक सामने कई ट्रांसफार्मर लगे हैं। सायं लगभग 6.30 बजे ट्रांसफार्मर से पहले धूआं उठा। इसके बाद आग की लपटें उठने लगीं। लोगों ने अंदाजा लगाया कि गर्मी और अत्यधिक लोड के चलते ट्रांसफार्मरों में आग लग रही है। आग लगने से लोगों में अफरातफरी मच गई। लोगों ने इसकी सूचना विभागीय अधिकारियों को देकर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया, लेकिन वहां मौजूद लोगों ने बताया कि आग ट्रांसफार्मरों से तेल रिसने से आग पर काबू पाना काफी मुश्किल हो गया। आग बुझाने के लिए अग्निशमन यंत्र व्यवसायी शमशेर खां बड्डे ने अपने अपने यंत्रों का प्रयोग किया। दो सिलिंडर भी खत्म हो गए। एक सिलिंडर पचभैय्या सभासद दानिश सिद्दीकी ने भी इस्तेमाल किया, तब भी आग नहीं बुझ सकी थी। भारी संख्या में लोग बालू, पानी से आग बुझाने में लगे। काफी देर के बाद आग पर काबू पाया जा सका। उधर ट्रांसफार्मरों में आग लगने से गौरियाना, मलिकाना, पचभैय्या, आंशिक चौरी रोड तथा सोनराना गली की बिजली गुल हो गई। इस आग के बाद भारी संख्या में रात में बिजली न मिलने को लेकर परेशान हो उठे हैं। लोगों ने कहा कि गर्मी को देखते हुए शीघ्र ट्रांसफार्मरों को दुरुस्त कराकर आपूर्ति बहाल कराया जाना चाहिए।