पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी-रामबाग रेल खंड पर दूसरे दिन शनिवार को भी ब्लॉक के चलते स्टेशनों पर सन्नाटा पसरा रहा। ट्रेनों का आवागमन नहीं होने से लाइसेंसी वेंडर घर पर बैठ चुके हैं।
लाइसेंसी वेंडर रामराज ने बताया कि नौ फरवरी तक दो पैसेंजर ट्रेनें और आधा दर्जन से अधिक मेल-एक्सप्रेस गाड़ियों का ठहराव स्टेशन पर होते रहने से आमदनी हो जाया करती थी। 10 फरवरी को पूर्वोत्तर मुख्यालय ने रेल खंड के माधोसिंह-हंडिया सेक्शन पर 12 से 23 फरवरी तक के लिए मेगा ब्लॉक लिया है। इससे इस सेक्शन से होकर ट्रेनों का आवागमन बंद है। जनसंपर्क अधिकारी वाराणसी मंडल अशोक कुमार ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को देखते हुए ब्लॉक लेना पड़ा है। 23 फरवरी को नये ट्रैक का निरीक्षण कार्य पूरा हो जाने पर ट्रेनों का आवागमन सुचारु हो सकेगा।