ज्ञानपुर। आगामी दो मई को संपन्न होने वाली मतगणना को पारदर्शितापूर्ण संपन्न कराने के लिए 2220 मतगणना कार्मिकों का दो दिवसीय प्रशिक्षण बुधवार को विभूति नारायण राजकीय इंटर कालेज ज्ञानपुर में शुरू हुआ।
इस दौरान प्रशिक्षकों ने प्रथम दिन प्रशिक्षण को तीन चरणों में संपन्न कराकर 1110 कार्मिकों में मतपेटियां खोलने, मतपेटी एजेंट को दिखाने, मेज पर एक साथ रखने, सभी पदों के लिए अलग-अलग 50-50 का बंडल बनाने, अवैध प्रपत्र को अलग रखने, प्रत्याशीवार गिनती करने और वैध मतपत्रों पर विशेष ध्यान आदि की विस्तृत जानकारियां दी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2021 में 26 जिला पंचायत सदस्य, 546 ग्राम प्रधान, 661 बीडीसी सहित कुल 6848 ग्राम पंचायत सदस्य के पदों के लिए 15 अप्रैल को 11.10 लाख मतदाताओं ने मतदान कर कुल 14329 प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों में शील कराया था।
वहीं औराई ब्लॉक के अलावा डीघ, भदोही, सुरियावां और अभोली के अंतर्गत विभिन्न इंटर कालेजों को चयनित कर जिला प्रशासन स्ट्रांग रूम में पेटियों को रखवाकर अभेद सुरक्षा कराई जा रही है। मतगणना के लिए दो दिनों से ब्लॅाक और कलेक्ट्रेट परिसर से जारी होने वाले अभिकर्ता पास के लिए प्रत्याशियों और उनके समर्थकों का भारी जमावड़ा लग रहा है। इस संबंध में प्रशिक्षण प्रभारी/डीडीओ जयकेश त्रिपाठी, डीआईओएस एके चौरसिया ने बताया कि शेष बचे कार्मिकों का प्रशिक्षण बृहस्पतिवार को दिया जाएगा। इस मौके पर प्रशिक्षक डा.हरिशचंद यादव, मनोज कुमार, रामगोपाल, विशंभरनाथ, प्रमोद श्रीवास्तव समेत सत्येंद्र भारती, राकेश सिंह, शिवाकांत, राघवेंद्र आदि थे।
दो मई को ब्लॅाक स्तर पर होने वाले मतगणना स्थल पर अब उन्हीं प्रत्याशियों और उनके अभिकर्ताओं को प्रवेश दिया जाएगा जिनकी रिपोर्ट 72 घंटे पूर्व हुई जांच में निगेटिव रहेगी। जानकारी देते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने बताया कि कोरोना संक्रमण का प्रभाव अधिक होने के कारण उक्त निर्णय लिया गया है। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में भाग्य आजमाने वाले प्रत्याशी समेत उनके अभिकर्ता पास प्राप्त करने के बाद भी कोविड की जांच कराएंगे ही औपचारिकता में शामिल धारकों पर भी जिला प्रशासन का निर्देश लागू होगा। बताया गया कि जिला प्रशासन चुनाव के शुरुआती दौर से लेकर समापन तक टूटते सोशल डिस्टेंस और मास्क न लगाने वालों की ओर से कोरोना गाइडलाइन का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मतदान के दिन होने वाली भीड़ पर अंकुश लगाने के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी दी जा चुकी है।