लालानगर। हाईवे पर कट प्वाइंट न बनाने से नाराज व्यापारियों ने सोमवार को गेराईं के समीप एनएचआई के खिलाफ प्रदर्शन किया। चेतावनी दी कि अविलंब कट प्वाइंट नहीं बने तो वह वृहद स्तर पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
व्यापारियों ने कहा कि गोपीगंज नगर जिले का महत्वपूर्ण व्यापारिक केंद्र है। ऐसे नगर को एनएचआई बर्बाद करने पर तुला है। यही वजह है कि उचित स्थानों पर भी डिवाइडर में कट नहीं खोला जा रहा है। इसको लेकर व्यापारी जिलाधिकारी समेत एनएचएआई के अधिकारियों को कई बार पत्रक भी दिए। वाराणसी से चलकर प्रयागराज की तरफ जाने वाली रोडवेज और प्राइवेट बसें ज्यादातर ओवरब्रिज के ऊपर से ही गुजर जा रहीं है। इसके कारण झिलिया पुल के पास बने कट से जो वाहन नीचे उतर जाते हैं, उन्हें पुन: राष्ट्रीय राजमार्ग पर आने के लिए लगभग चार किलोमीटर आगे जाकर मार्ग पर प्रवेश मिलता है। इसके साथ ही सर्विस लेन पर जाम की स्थिति भी बराबर बनी रहती है।
कट प्वाइंट न होने से कारोबार प्रभावित हो रहा है। जिसे व्यापारी कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे। आरोप लगाया कि एनएचएआई के अधिकारियों ने महाराजगंज, कछवां सहित अन्य बाजारों में ओवरब्रिज के दोनों तरफ कट दिए हैं। नगर से सौतेला व्यवहार हो रहा है। प्रदर्शन में श्रीकांत जायसवाल, दिनेश उमर, अभिषेक, पप्पू यादव, जैकी जायसवाल, अमित यादव, गोपाल अग्रवाल, राजेश मौर्या, हिमांशु पांडेय, शिवजी, विक्की जायसवाल आदि रहे।