अष्टभुजा मंदिर में चोरी की घटना सीसीटीवी में कैद
- फोटो : अमर उजाला
भदोही जिले की कोतवाली क्षेत्र के अभिया चौकी क्षेत्र के पूरे मनोहर स्थित अष्टभुजा मंदिर को चोरों ने निशाना बनाया। चोरों ने माता की प्रतिमा पर लगे चांदी के मुकुट, आंख, कलश, पूजा के बर्तन समेत अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। हालांकि अंधेरे के कारण कुछ स्पष्ट नहीं हो सका। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
क्या है पूरा मामला
सुरियावां कोतवाली के पूरेमनोहर गांव में मां अष्टभुजा का प्राचीन मंदिर है। हर दिन की तरह रविवार की शाम आरती पूजन के उपरांत पुजारी घर चले गए। बताया जा रहा है कि इस बीच रात के समय चोरों ने मंदिर के अंदर घुसकर मां के प्रतिमा से चांदी की मुकुट के साथ चांदी की आंख के और कलश व पूजा के कीमती बर्तनों पर हाथ साफ कर दिया।
सोमवार की सुबह जब लोग मंदिर में पूजा करने पहुंचे तो चोरी की जानकारी हुई। घटना की जानकारी होते ही मौके पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मंदिर में लगे सीसीटीवी के माध्यम से चोरों की पहचान करने का प्रयास किया, लेकिन अंधेरा होने के कारण कुछ स्पष्ट नहीं हो सका।
मामले को लेकर विशंभरनाथ दुबे, राकेश वर्मा, सुरेश विश्वकर्मा आदि ने तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक मनीष द्विवेदी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।