भदोही। कालीन निर्यात संवर्धन परिषद (सीईपीसी) की नवनिर्वाचित प्रशासनिक समिति की पहली बैठक 30 मई को नई दिल्ली में होगी। प्रभारी चेयरमैन डॉ. रोमेश खजूरिया की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में अक्तूबर के इंडिया काॅरपेट एक्सपो के आयोजन स्थल पर निर्णय के साथ परिषद के उपाध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया भी शुरू होने की संभावना है।
सीईपीसी चेयरमैन का चुनाव सीधे नहीं होता। प्रशासनिक समिति के सदस्यों में से ही उपाध्यक्ष का चुनाव होगा, जो चेयरमैन पद पर पदोन्नत हो जाएगा। बैठक में उपाध्यक्ष के चुनाव पर विचार होना है। अक्तूबर में इंडिया काॅरपेट एक्सपो स्थल पर भी प्रशासनिक समिति विचार करेगी। माना जा रहा है एक्सपो भदोही में होना है। बैठक में केवल इसकी औपचारिक घोषणा होनी है। एक्सपो के आयोजन के लिए परिषद के चेयरमैन का होना आवश्यक है। प्रभारी चेयरमैन ने बताया कि सभी सदस्यों को बैठक की सूचना काफी पहले ही भेजी जा चुकी है। परिषद में उप्र के सदस्यों की संख्या को देखते हुए माना जा रहा है कि भदोही के ही किसी सदस्य को उपाध्यक्ष बनाया जाएगा। हालांकि सदस्यों पर काफी कुछ निर्भर करता है।