ज्ञानपुर। भीषण गर्मी और लू से राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। शुक्रवार को जिले में गर्मी के चलते छह बुजुर्गाें की मौत हो गई। डीघ के कुरमैचा गांव में पांच लोगों की जान चली गई। प्रशासन ने हीटवेव से एक भी मौत की बात से इंकार किया है।
इस साल कुछ ज्यादा ही गर्मी है। अप्रैल माह से ही धरती तप रही है। मई के आखिरी सप्ताह में हालात बदतर हो गए हैं। एक सप्ताह में तापमान में बेतहाशा वृद्धि का असर लोगों की सेहत पर भी पड़ रहा है। सबसे अधिक बुजुर्ग इससे प्रभावित हो रहे हैं। शुक्रवार को ऊंज थानाक्षेत्र के कुरमैचागगांव में पांच की मौत हो गई। इसमें 70 साल की दशिया पत्नी देव आशाराम, 65 साल के उदल, 70 साल के सजावल बिंद, 90 वर्षीय मंगरा देवी पत्नी हीरालाल यादव, 90 साल की पुट्टा देवी पत्नी दूधनाथ शामिल हैं। एक ही दिन में गांव में पांच लोगों की मौत से ग्रामीण सहम गए हैं। ग्राम प्रधान रविकांत बिंद ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को मुआवजा दिलाने की मांग की है।
चौरी के बनपुरवा जगदीशपुर गांव में शुक्रवार को विजया लक्ष्मी (75) की अचानक तबीयत बिगड़ गई। अस्पताल जाने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जिलाधिकारी विशाल सिंह ने कहा कि हीटवेव से जिले में कोई मौत नहीं हुई है। अस्पतालों और दूसरे विभागों को सतर्क किया गया है। डीएम ने अपर जिलाधिकारी एवं प्रभारी अधिकारी आपदा कुंवर वीरेंद्र मौर्य से नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पीने का पानी की व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा है। खराब हैंडपंप को ठीक कराने को कहा गया है। उन्होंने हीटवेव (लू) से किसी भी प्रकार की जन हानि होने पर पोस्टमार्टम कराने को कहा है।
इनसेट
स्कूलों खुलने पर होगी कार्रवाई, तालाबों में भरें पानी
जिलाधिकारी विशाल सिंह ने जिला विद्यालय निरीक्षक विकायल भारती और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र नारायण सिंह को निर्देशित किया कि गर्मी में कोई विद्यालय न खुले। अगर कोई स्कूल खुले मिले तो उन पर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने अधिशासी अभियंता नहर को नहर को चालू कर तालाब और पोखरों को भरने को कहा है ताकि पशु-पक्षियों को पेयजल के लिए भटकना न पड़े। उन्होंने कहा कि इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।