विधानसभा चुनाव में जिले में सात मार्च को मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए प्रशासन हर संभव प्रयास करने की मुहिम में जुटा है। कंट्रोल रूम से मुंबई समेत अन्य शहरों में रहने वाले मतदाताओं को फोन कर मतदान के लिए बुलाया जा रहा है। बुलावा टोली को भी अधिक सक्रिय करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
जिलाधिकारी आर्यका अखौरी और उप जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेंद्र मिश्र ने रविवार को जिला निर्वाचन कार्यालय और कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान ईवीएम, वीवीपैट सहित अन्य उपकरणों का जायजा लिया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सभी बीएलओ, राजस्व निरीक्षक और सुपरवाइजर बूथवार मतदान क्षेत्र का भ्रमण कर घर-घर जाकर परिवारवार मतदाताओं के यहां उपस्थिति दर्ज कराएं। ताकि मतदाता सात मार्च को मतदान केंद्रों पर वोट डालने के लिए पहुंचें। कहा गया कि सभी बीएलओ, बुलावा टोली के सदस्यों के साथ-साथ घर-घर जाएंगी और मतदाताओं को अपील पढ़ाते हुए शपथ दिलाएंगी। विशेष रूप से प्रत्येक परिवार को वोटर गाइड व वोटर पर्ची हस्तगत कराते हुए हस्ताक्षर भी लेंगे। निर्देश दिया गया कि बीएलओ अपने-अपने बूथ पर 28 फरवरी को चुनाव पाठशाला पर मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के तहत 500 लोगों को एकत्र कर उन्हें मतदान के लिए प्रेरित करेंगी। निर्वाचन कंट्रोल रूम में लगे कर्मचारियों से कहा गया कि वे जिले से बाहर रहने वाले मतदाताओं को फोन कर सात मार्च को वोट देने के लिए आमंत्रित करें।