यातायात नियमों का पालन करने और नशाखोरी रोकने को लेकर वुडवर्ड पब्लिक स्कूल के बच्चों ने लोगों को जागरूक किया।
शुक्रवार को ज्ञानपुर नगर में दो स्थानों एवं गोपीगंज में एक स्थान पर स्कूल के बच्चों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।
कक्षा सातवीं एवं आठवीं के बच्चों ने नाटक के माध्यम से बताया कि यातायात नियमों का पालन नहीं करने वालों की जिंदगी खतरे में रहती है।
ऐसे लोगों के साथ दुर्घटना होने की संभावना अधिक होती है। सड़क पर चलने के दौरान यातायात नियमों का पालन करने वाले दुर्घटना के कम शिकार होते हैं।
यातायात नियमों का पालन करना सभी का कर्तव्य है। इसके लिए लोगाें को एक-दूसरे को परस्पर जागरूक भी करते रहना चाहिए। वहीं बच्चों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से शराब, गुटका, सिगरेट का सेवन नहीं करने की अपील की। साथ ही यह भी बताया कि इनका सेवन करना स्वास्थ्य के लिए कितना खतरनाक है।
नगर में रैली निकालकर बच्चों ने बैनर, पोस्टर और पर्चे के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। स्कूल की प्रधानाचार्य शालिनी मेहरा ने बताया कि समाज के प्रति अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए बच्चों के माध्यम से जागरूकता अभियान शुरू किया गया है।
इसके तहत यातायात नियमों का पालन करने तथा नशे का सेवन करना कितना खतरनाक हो सकता है, इसके प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
इसी कड़ी में सोमवार से जनपद के सुरियावां, चौरी, रामपुर में भी बच्चे नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करेंगे। अधिक से अधिक वृक्ष लगाने के लिए लोगों से अपील भी की जाएगी।
ज्ञानपुर नगर एवं गोपीगंज में शुक्रवार को हुए कार्यक्रम के दौरान स्कूल के शिक्षक रक्षान अंसारी, रश्मि सुनेजा, अबु तोरान, माधुरी तिवारी, राकेश यादव और शोहराब अंसारी आदि मौजूद रहे।