गोपीगंज में भगवान जगन्नाथ, बलभद्र एवं देवी सुभद्रा की वार्षिक स्नान यात्रा की तैयारी। स्रोत संग
- फोटो : फाइल फोटो
गोपीगंज। ज्येष्ठ पूर्णिमा पर मंगलवार को श्री राधा कृष्ण मंदिर, सोनिया तालाब, गोपीगंज में भगवान जगन्नाथ, बलभद्र व देवी सुभद्रा की स्नान यात्रा निकाली गई। श्रद्धा और उल्लास के साथ निकली भगवान जगन्नाथ की यात्रा में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी।
भक्तों ने भगवान का 108 कलशों के पवित्र और सुगंधित औषधीय जल से विधि-विधान के साथ महाभिषेक किया। अनुष्ठान के तहत भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा की मूर्तियों को रत्नवेदी से स्नान मंडप में लाकर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच स्नान कराया गया।
इसके बाद भगवान को आकर्षक ‘’गज वेश’’ में सजाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ के जयघोष के साथ महाआरती में हिस्सा लिया और प्रसाद ग्रहण किया। आयोजक अरुण कुमार मिंकू ने बताया कि भव्य स्नान के बाद भगवान अस्वस्थ हो जाते हैं और 15 दिनों तक अनासर काल में एकांतवास करते हैं।
इस अवधि में भगवान के नियमित दर्शन बंद रहेंगे। रथयात्रा महोत्सव के अवसर पर भगवान जगन्नाथ अपने भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ रथ पर नगर भ्रमण करते हुए भक्तों को दर्शन देंगे। इस मौके पर कृष्ण कुमार खटाई, अरुण कुमार मिंकू, दीपक मोदनवाल, राजीव दुबे, बबलू जायसवाल आदि रहे।